आज से मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव आना शुरू हो गया है। पारे में और गिरावट आने तथा ठंड बढ़ने की संभावना है। वहीं, 2 नवंबर तक एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने का अनुमान है, इससे ठंड और बढ़ेगी। उत्तर भारत में हो रहे मौसम में बदलाव के कारण वहां से कुछ नमी प्रदेश में आएगी, इससे कुछ स्थानों पर बादल छाने के साथ बूंदाबांदी होने के भी आसार हैं।
प्रदेश में कल सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान उमरिया में 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में धीरे-धीरे सर्दी अपने पैर जमा रही है। प्रदेश में सोमवार को 10 जिले ऐसे रहे, जहां तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया।
हालांकि, अधिकतम तापमान में न ही कोई बढ़त दर्ज हुई, न ही कहीं बड़ी गिरावट आई। अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही रहा। इस कारण दिन में गर्मी का एहसास भी हुआ। रात में तापमान गिरने और दिन में तापमान के ऊंचे स्तर पर बने रहने के चलते दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी कुछ दिनों तक मौसम में इसी तरह का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। अधिकतम तापमान भी स्थिर तो न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है। नवंबर महीने की शुरुआत में प्रदेश के कई जिलों का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के नीचे भी आने के आसार हैं।