छिंदवाड़ा। पांढुर्णा और छिंदवाड़ा जिले में कम बारिश के चलते उत्पन्न हो रही पेयजल समस्या को लेकर चिंतित सांसद बंटी विवेक साहू दोनों जिलों में प्रवास के दौरान लगातार प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करते हुए पेयजल समस्या का निराकरण करने का प्रयास कर रहे है। इसी के तहत शुक्रवार को सांसद बंटी विवेक साहू ने नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक लेते हुए छिंदवाड़ा शहर और नगर निगम के ग्रामीण वार्डो में पानी की समस्या का हल आपसी समन्वय बनाते हुए करने की बात कही। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को पेयजल को लेकर कुछ सख्त निर्देश भी दिए है।
बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू के द्वारा स्पष्ट किया गया कि पेयजल समस्या का समाधान सर्वाेच्च प्राथमिकता है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समन्वय से बनाई गई कार्ययोजना पर प्रभावी ढंग से अमल किया जाएगा, ताकि शहर के किसी भी वार्ड के नागरिक को पानी के लिए परेशान न होना पड़े। सांसद बंटी विवेक साहू ने निगम के अधिकारियों को कुछ सख्त निर्देश दिए है। जिसमें छिंदवाड़ा शहर और ग्रामीण वार्डो में लिकेज़ को तत्काल ठीक करवाने, प्रत्येक वार्ड के लिए सेपरेट टैंकर देने, 25 टेंकर टेक्ट्रर सहित किराए से लेने, टेंकर से पानी के वितरण में डीजल की कमी न आने, अवैध कनेक्शन को सख्ती से हटाने, जिओ मिलर पर सख्ती से कार्रवाई करने, अमृत 2.0 की विस्तृत समीक्षा करने के साथ ही जिन 32 वार्ड में इसका कार्य होना है उनके पार्षदों के साथ सोमवार को संयुक्त समीक्षा करने और बोर की संख्या 50 से बढ़ाकर 75 करने के निर्देश दिए है।
सांसद बंटी विवेक साहू के द्वारा ली गई बैठक का एक महत्वपूर्ण निर्णय शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में सामने आया। पूर्व में नगरीय क्षेत्र में 50 नए बोरवेल कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रस्तावित थी। सांसद बंटी विवेक साहू ने शहर की बढ़ती जल आवश्यकता एवं संभावित संकट को देखते हुए इस संख्या को बढ़ाकर 75 बोरवेल करने के निर्देश दिए है। जिससे अधिक से अधिक क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिल सकेगी।
सांसद बंटी विवेक साहू के द्वारा ली गई बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वार्ड में घर-घर तक पेयजल पहुंचाने के लिए एक पानी का टैंकर तैनात किया जाएगा, ताकि जिन क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति प्रभावित हो रही है, वहां नागरिकों को राहत मिल सके। साथ ही पानी की सप्लाई में डीजल की कमी आड़े नहीं आएगी और टैंकरों के नियमित संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
सांसद बंटी विवेक साहू के द्वारा ली गई बैठक में अमृत-2 योजना के अंतर्गत बिछाई जा रही पाइपलाइन की प्रगति एवं समीक्षा, पुराने बोरवेल की स्थिति, शहर के पुराने कुओं की उपयोगिता, पुरानी पाइपलाइनों की स्थिति तथा अवैध नल कनेक्शनों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इन सभी बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी जुटाकर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए, ताकि उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में निगम महापौर विक्रम सिंह अहके, भाजपा जिला महामंत्री विजय पांडे, निगम आयुक्त चंद्र प्रकाश राय, निगम के अधिकारी, कार्मचारी सहित सभापतिगण, पार्षदगण, एल्डरमैन उपस्थित रहे।