छिंदवाड़ा- छिंदवाड़ा देहात थाना क्षेत्र के ईशा नगर में घर की आलमारी से सोने के जेवर चोरी के मामले मे पुलिस ने मां-बेटे को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घर में परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से सोने के कंगन, कान के झाले और चेन सहित कुल 3 लाख 76 हजार 800 रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी राहुल उइके के खिलाफ पूर्व में भी चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार, ईशा नगर निवासी सरिता पाटिल (42) ने 17 अक्टूबर 2026 को देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 20 सितंबर से 16 अक्टूबर 2026 के बीच अज्ञात व्यक्ति उनके घर की आलमारी में रखे सोने के दो कंगन, एक चेन, दो कान के झाले, एक नथ और दो अंगूठियां चोरी कर ले गया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की। सूचना के आधार पर पुलिस ने राहुल उइके (19) और उसकी मां सुनीता उइके (40), दोनों निवासी ईशा नगर, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों से सोने के दो कंगन, दो कान के झाले और एक सोने की चेन बरामद की है। बरामद जेवरों की कुल कीमत 3 लाख 76 हजार 800 रुपये बताई गई है। चोरी गए अन्य जेवरों के संबंध में पुलिस की ओर से बरामदगी की पुष्टि नहीं की गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक सौरभ बघेल, सूरज सिंह चौहान, शेरसिंह रघुवंशी तथा साइबर सेल के नितिन और आदित्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।











