2 लाख रुपए मांगे थे पहली किश्त लेते ही पकड़ाया…
छिंदवाड़ा। दमुआ थाने में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक को लोकायुक्त की टीम ने शनिवार को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी प्रधान आरक्षक का नाम धरमदास यादव बताया जाता है। चेक बाउंस के एक मामले में खात्मा लगाने के एवज में प्रधान आरक्षक पर 1 लाख रुपए मांगने का आरोप है। लोकायुक्त ने उसे रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए पकड़ा। कार्रवाई थाने में ही की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दानिश अंसारी से जुड़े चेक बाउंस के एक मामले की शिकायत थाने में की गई थी।
इसकी जांच चल रही थी। आरोप है कि मामले में खात्मा लगाने की कार्रवाई के बदले प्रधान आरक्षक धरमदास यादव ने फरियादी से 1 लाख रुपए की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान फरियादी ने दो दिन पहले लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने उसका सत्यापन किया और कार्रवाई की योजना बनाई। शनिवार को फरियादी 50 हजार रुपए की पहली किस्त लेकर पहुंचा। जैसे ही प्रधान आरक्षक ने रुपए लिए, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई में डीएसपी रेखा प्रजापति, निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह नरवरिया, निरीक्षक राहुल गजभिए सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।











