छिंदवाड़ा। स्थानीय समता बुद्ध विहार, अंबेडकर नगर, छिंदवाड़ा में आज बारहवें रविवार के वर्षावास कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में पूज्य भंते सुमेध नागरत्न जी ने उपस्थित उपासक एवं उपासिकाओं को बौद्ध संस्कारों में कठिन चीवर दान के महत्व पर विस्तारपूर्वक धम्मदेशना दी। उन्होंने बौद्ध परंपरा में कठिन चीवर के महत्व तथा दान, त्याग, करुणा और सामूहिक सहभागिता की भावना पर प्रकाश डालते हुए धम्म के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
भंते डॉ. शुभमचित्त जी के मार्गदर्शन में समता बुद्ध विहार में वर्षावास के अंतर्गत नियमित रूप से धम्मदेशना एवं विभिन्न धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों का शानदार आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से उपासक एवं उपासिकाओं को बुद्ध, धम्म और संघ के विचारों से जुड़ने तथा अपने जीवन में शील, प्रज्ञा और करुणा को विकसित करने का अवसर मिल रहा है।
आज के कार्यक्रम में भोजनदान की व्यवस्था ए.आर. गजभिए, एस.एल. खांडेकर, सदाशिव जम्बोलकर, मंदाकिनी तोड़े, सूर्यकांता गजभिए, प्रमिला उके, अनूप बड़गे, नरेंद्र साखरे, मंगरिया खादीपुरे, डॉ. अक्षय दहीबेले एवं नारायण सोनारे की ओर से की गई। भोजनदान के माध्यम से सभी ने सेवा, सहयोग और दान की बौद्ध परंपरा को आगे बढ़ाया।
डॉ. आंबेडकर समता विकास समिति, छिंदवाड़ा ने कार्यक्रम में सहभागी सभी उपासक एवं उपासिकाओं के प्रति साधुवाद व्यक्त किया। समिति ने सभी से तथागत गौतम बुद्ध एवं परम पूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समतामूलक, करुणामय और प्रगतिशील समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
आगामी कार्यक्रम : निःशुल्क दंत परीक्षण एवं जांच शिविर
समिति द्वारा आगामी रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को समता बुद्ध विहार, अंबेडकर नगर, छिंदवाड़ा में प्रातः 9:30 बजे से निःशुल्क दंत परीक्षण एवं जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। समिति ने सभी उपासक-उपासिकाओं एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच का लाभ लेने की अपील की है।











