छिंदवाड़ा- शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में सेवा संस्कार समिति ‘रॉयल क्लब’ द्वारा नरसिंहपुर रोड स्थित श्याम टॉकीज परिसर में 10 दिवसीय विशाल फलाहारी भंडारे का भव्य आयोजन किया जा रहा है। समिति द्वारा जनसेवा और धर्म के क्षेत्र में यह निरंतर पांचवा वर्ष है, जब इस विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
सेवा संस्कार समिति के अध्यक्ष गुरजीत (शंटी) बेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शारदीय नवरात्रि में प्रथम दिवस (बैठकी) से लेकर अष्टमी तक निरंतर शुद्ध फलाहारी भंडारा श्रद्धालुओं के लिए संचालित रहेगा। इसके उपरांत महानवमी एवं विजयादशमी (दशहरा) के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को बैठाकर विशेष भोजन प्रसादी ग्रहण कराई जाएगी।
दोपहर 1 बजे कन्या पूजन एवं आरती के साथ होगी शुरुआत
अध्यक्ष गुरजीत शंटी बेदी ने बताया कि भंडारे का विधिवत शुभारंभ रविवार को दोपहर 1:00 बजे कन्या पूजन एवं विधि-विधान से महाआरती के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर समिति के सभी पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी बंधु उपस्थित रहेंगे।
समिति ने नगर एवं जिले के समस्त श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी जनता से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर माता रानी की आरती में सम्मिलित हों एवं प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित करें