छिदवाड़ा- छिंदवाड़ा के बिछुआ थाना क्षेत्र में पत्रकारिता की आड़ में लोगों को डरा – धमका कर अवैध वसूली करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है| पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा खुद को पत्रकार बताकर लोगों के फोटो-वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने और 181 सीएम हेल्पलाइन व वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय में शिकायत करने की धमकी दी जाती थी।
पुलिस द्वारा ग्राम मुर्झा निवासी संदीप , पिता श्यामसुंदर साहू और ग्राम पुलपुलडोह निवासी भोलाराम पिता कृष्णा गांगरे की शिकायत पर इस मामले को दर्ज किया गया | शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने फोटो-वीडियो वायरल करने तथा अधिकारियों से शिकायत करने की धमकी देकर रुपयों की मांग की ।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 363/2026 के तहत धारा 308(5), 35) BNS में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की । साइबर सेल की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची । पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छिदवाड़ा अजय पाण्डे के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी चौरई भारती जाट के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई ।
थाना प्रभारी बिछूआ निरीक्षक सतीश उईके के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्षों और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश की। पुलिस के अनुसार, प्रार्थियों द्वारा उपलब्ध कराए गए फोन-पे और गूगल-पे के रिकॉर्ड तथा 181 सीएम हेल्थल्पलाइन शिकायत की जांच भी की गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार पुलिस ने मामले में साहिर उर्फ साहिल पिता आबिद मंसूरी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम उमरिया, थाना बिछुआ और चंचलेश पिता स्व. हेमा इंदौरकर, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम खमरा, थाना बिछुआ को गिरफ्तार किया है|पुलिस के मुताबिक, मामले में एक अन्य आरोपी ज्ञानेंद्र पिता हेमा इंदौरकर, निवासी ग्राम खमरा थाना बिछुआ फरार है, जिसकी तलाश जारी है| गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं|