पुलिस-आबकारी की संयुक्त दबिश से अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर कार्रवाई, हाथभट्टी मदिरा एवं अन्य शराब जब्त; कई प्रकरण दर्ज
छिंदवाड़ा, 05 नवंबर जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर हरेंद्र नारायण एवं पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देशन में तथा सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा गुरुवार को जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान आबकारी एवं पुलिस की संयुक्त टीमों ने कई स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब निर्माण के ठिकानों की सघन तलाशी ली।

जिले के घाटपरासिया, रंगीनखापा, तामिया क्षेत्र के सांगाखेड़ा एवं कट्टा, गौरपानी, माओरी, भमोड़ी, दमुआ, छाबड़ी, डुंगरिया, नंदन, घोड़ावाड़ी, सेल्टिया, चिखलार, अमरवाड़ा क्षेत्र के तेंदनी माल एवं पिंडरई दबीर तथा चौरई क्षेत्र के बंधीढाना सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई।

5,520 किलोग्राम महुआ लाहन मौके पर नष्ट
विभिन्न स्थानों पर नालों एवं नदी किनारे छिपाकर रखा गया अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त महुआ लाहन बरामद किया गया। जिले की कार्रवाई में कुल लगभग 5,520 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद कर आवश्यक नमूने सुरक्षित रखने के बाद शेष लाहन मौके पर नष्ट किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्थानों से हाथभट्टी कच्ची मदिरा एवं अन्य प्रकार की मदिरा भी जब्त की गई। तामिया क्षेत्र में एक मकान की तलाशी के दौरान आरोपी अतरलाल के कब्जे से 15.08 बल्क लीटर देशी, विदेशी एवं हाथभट्टी मदिरा बरामद की गई।
कई वृत्तों में दबिश, प्रकरण पंजीबद्ध
घाटपरासिया एवं रंगीनखापा में पुलिस एवं आबकारी की संयुक्त कार्रवाई में 25 लीटर हाथभट्टी कच्ची मदिरा बरामद कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत 2 प्रकरण दर्ज किए गए। तामिया एवं चांदामेटा क्षेत्र में भी अवैध मदिरा एवं महुआ लाहन के विरुद्ध कार्रवाई की गई। माओरी एवं भमोड़ी में दबिश के दौरान महुआ लाहन नष्ट कर हाथभट्टी मदिरा जब्त की गई तथा प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।

दमुआ क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में कार्रवाई के दौरान 150 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया गया। जामई वृत्त में मदिरा दुकान का निरीक्षण कर QR कोड स्कैनिंग से मदिरा की जाँच की गई तथा माओरी एवं भमोड़ी में अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई की गई। चौरई वृत्त के ग्राम बंधीढाना में भी दबिश देकर 270 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद कर नष्ट किया गया और आबकारी प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
अमरवाड़ा में पुलिस के साथ संयुक्त सर्चिंग अभियान
अमरवाड़ा क्षेत्र के ग्राम तेंदनी माल एवं पिंडरई दबीर में पुलिस थाना अमरवाड़ा एवं पुलिस चौकी सिंगोड़ी के सहयोग से नालों के किनारे सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान छिपाकर रखा गया लगभग 3,450 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद कर नमूने सुरक्षित रखने के बाद नष्ट किया गया।
ढाबों की जाँच और मदिरा दुकानों का निरीक्षण भी
अभियान के दौरान मदिरा दुकानों पर QR कोड स्कैन कर मदिरा की वैधता जाँची गई। रात्रिकालीन गश्त के दौरान ढाबों एवं होटलों की तलाशी लेकर अवैध मदिरा विक्रय की रोकथाम हेतु संचालकों को आवश्यक हिदायत दी गई।
पूरी कार्रवाई में आबकारी विभाग के वृत्त प्रभारियों, सहायक जिला आबकारी अधिकारियों, आबकारी उप निरीक्षकों, प्रधान आरक्षकों एवं आरक्षकों के साथ पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध इस प्रकार की सघन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।











