पांढुर्ना।। हत्या कर उसे दुर्घटना बताने वाली पत्नी को आखिर पुलिस की पूछताछ में सामने सच बोलना पड़ा। हुआ यूं कि जिले के लोधीखेड़ा थाना क्षेत्र के बोरगांव में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सब्जी-भाजी की दुकान से पैसे निकालकर शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद महिला ने कथित तौर पर पति के साथ मारपीट की और गमछे के कपड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए पति की बाथरूम में गिरने से चोट लगने के कारण मौत होने की कहानी बताई गई थी। पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला।

बाथरूम में गिरने से मौत की दी थी सूचना

पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को बोरगांव निवासी हेमराज नेहारे ने लोधीखेड़ा थाने में सूचना दी कि रविन्द्र नेहारे (42), निवासी वार्ड क्रमांक 12, बोरगांव की बाथरूम में गिरने से आई चोटों के कारण मौत हो गई है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और शव का पोस्टमार्टम कराया।

मर्ग जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को मृतक के साथ मारपीट कर गला घोंटकर हत्या किए जाने का संदेह हुआ। इसके बाद 17 अक्टूबर को अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 364/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पूछताछ में पत्नी पर लगा हत्या का आरोप

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विदिता डागर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद एवं एसडीओपी सौसर प्रियंका पांडेय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक ए.बी. मर्सकोले के नेतृत्व में टीम ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी आशा नेहारे ने बताया कि वह सब्जी-भाजी बेचने का काम करती है। उसका पति रविन्द्र शराब पीने का आदी था और दुकान से पैसे लेकर शराब पी जाता था। इसी बात को लेकर 13 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान आशा ने रविन्द्र के साथ हाथ-मुक्कों और पैरों से मारपीट की तथा सफेद गमछे के कपड़े के टुकड़े से उसका गला घोंट दिया।

हत्या छिपाने के लिए रची झूठी कहानी

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद महिला ने रिश्तेदारों को बताया कि उसके पति की बाथरूम में गिरने से आई चोटों के कारण मौत हुई है, ताकि हत्या की घटना छिपाई जा सके। जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने आशा नेहारे को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार महिला को 19 अक्टूबर 2026 को न्यायालय, सौसर में पेश किया जाना है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में लोधीखेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक ए.बी. मर्सकोले, उपनिरीक्षक लेखराम पहाड़े, सहायक उपनिरीक्षक मोहन पवार एवं श्यामनारायण सिंह सिसोदिया, प्रधान आरक्षक रामभरोस साहू तथा महिला आरक्षक सावित्री धुर्वे और मंदा धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।