वार्षिक पत्रिका ‘उजास’ भेंट कर फाउंडेशन के सामाजिक सरोकारों एवं उद्देश्यों की दी जानकारी

छिंदवाड़ा। वीर मेमोरियल फाउंडेशन की टीम ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से उनके कार्यालय में स्नेहिल एवं आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर फाउंडेशन की वार्षिक पत्रिका ‘उजास’ सप्रेम भेंट की गई। टीम ने फाउंडेशन द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी अध्यक्ष को दी।
फाउंडेशन के सचिव विक्रांत अहिरवार ने बताया कि ‘उजास’ पत्रिका के माध्यम से फाउंडेशन की सामाजिक गतिविधियों, सेवा कार्यों, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सहायता, खेल एवं फिटनेस जागरूकता, महिला सशक्तिकरण तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों के शैक्षणिक सहयोग जैसे विभिन्न प्रयासों को समाज के सामने लाने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर वीर मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से विक्रांत अहिरवार, श्याम डोले, मनोज चौरे, मनोज मंडराह, मुकेश झारे, अशोक बिंझाडे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
हेमंत खंडेलवाल ने पत्रिका ‘उजास’ का अवलोकन कर फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की तथा संस्था के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समाजहित में निरंतर सकारात्मक कार्य करते रहने के लिए फाउंडेशन की टीम का उत्साहवर्धन भी किया।