छिंदवाड़ा- मुस्कान फाउंडेशन, छिंदवाड़ा द्वारा तामिया एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों के लिए एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रक्षा बंधन के पावन अवसर पर जरूरतमंद लोगों को राखियां एवं निःशुल्क नए वस्त्रों का वितरण किया गया, जिसमें महिलाओं के लिए नई साड़ियां, बच्चों के वस्त्र, शर्ट-पैंट, जूते-चप्पल, साथ ही नए खिलौने, चॉकलेट, बिस्किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी।

इसके साथ ही मुस्कान फाउंडेशन के तत्वावधान में नेमाक्षार सूत्र हॉस्पिटल के डॉक्टर पवन नेमा एवं उनकी पूरी टीम द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 200 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत आवश्यक मरीजों को निःशुल्क उपचार हेतु नेमाक्षार सूत्र हॉस्पिटल में आमंत्रित किया गया। मुस्कान फाउंडेशन, डॉक्टर पवन नेमा एवं उनकी टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता है।

रक्षाबंधन के पावन पर्व से पूर्व प्राप्त इन आवश्यक वस्तुओं से जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर विशेष प्रसन्नता एवं मुस्कान देखने को मिली। तामिया एवं आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने मुस्कान फाउंडेशन की पूरी टीम को हृदय से आशीर्वाद देते हुए कहा कि संस्था ने उनकी आवश्यकताओं को समझते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया है। सभी ने संस्था द्वारा दिए गए सम्मान, समय एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

लाभार्थियों के चेहरों पर आई खुशी देखकर मुस्कान फाउंडेशन की टीम को भी अत्यंत संतोष एवं आत्मिक सुकून प्राप्त हुआ। इस सेवा कार्य हेतु विभिन्न दानदाताओं द्वारा उपलब्ध कराई गई सामग्री को संस्था ने जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया। मुस्कान फाउंडेशन सभी सम्माननीय दानदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त करता है, जिनके सहयोग से यह सेवा कार्य संभव हो सका।

इस अवसर पर मुस्कान फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष ललिता मनी सरवैया ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद एवं पीड़ित व्यक्तियों के जीवन में मुस्कान लाना है। संस्था निरंतर प्रयासरत है कि समाज के वंचित वर्ग तक पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं में सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि मुस्कान फाउंडेशन आगे भी इसी प्रकार निरंतर सेवा कार्य करता रहेगा और लोगों के जीवन में खुशियां एवं आशा की नई किरण लाने का प्रयास करेगा।

फाउंडेशन की वरिष्ठ संरक्षक विनी ब्राउन मैडम ने कहा कि मुस्कान फाउंडेशन एक ऐसी संस्था है जो महिलाओं, बच्चों एवं जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर ऐसे कार्य करती है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आए और उनकी कठिनाइयों में कमी हो सके।

फाउंडेशन के मुख्य वरिष्ठ संरक्षक दिनेश अग्रवाल ने छिंदवाड़ा जिले की जनता से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग मुस्कान फाउंडेशन से जुड़ें और सेवा कार्यों में अपनी सक्रिय सहभागिता प्रदान करें। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता हेतु दानदाताओं एवं समाजसेवियों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुस्कान फाउंडेशन का संदेश है कि सेवा केवल सहायता नहीं, बल्कि किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने का माध्यम है। संस्था आगे भी जरूरतमंदों, महिलाओं एवं बच्चों के लिए निरंतर सेवा कार्य करती रहेगी।

इस कार्यक्रम में ललितामनी सरवैया संस्थापक अध्यक्ष, मुस्कान फाउंडेशन , विनी ब्राउन वरिष्ठ संरक्षक , दिनेश अग्रवाल मुख्य वरिष्ठ संरक्षक , एडवोकेट जयप्रकाश करोसिया कोषाध्यक्ष , अरविंद कुशवाहा सचिव , रुक्मणी ठाकुर उपाध्यक्ष , डॉ. नरेंद्र सोमकुंवर , उर्मिला सिंह संरक्षक , अलकनंदा दुर्गे , संतोषी गजभिए , पूनम , शंकर नवरेती , आकाश , आरती देशपांडे , कमलेश विश्वकर्मा , नईम खान , फखरुल सिद्दीकी , रमेश साहू , नीरज सोनी ,विनोद अग्रवाल
, विकी बत्रा , तानिया एवं खेड़ापति माता मंदिर समिति एवं सभी गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुस्कान फाउंडेशन की पूरी टीम ने इस सेवा कार्य को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, सहयोगियों एवं उपस्थित सदस्यों का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।