छिंदवाड़ा – मुस्कान फाऊंडेशन, छिंदवाड़ा एवं आदर्श फाउंडेशन के तत्वावधान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चंदनगांव (नागपुर रोड, छिंदवाड़ा) में पर्यावरण एवं प्रकृति संरक्षण गतिविधि कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वृक्षों एवं पौधों के महत्व को समझाना था। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती शैली यादव द्वारा सभी अतिथियों एवं मुस्कान फाऊंडेशन के सदस्यों का पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत कर किया गया। अपने स्वागत उद्बोधन में उन्होंने संस्था द्वारा समाजहित एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करते हैं।

कार्यक्रम में मुस्कान फाऊंडेशन की वरिष्ठ संरक्षक श्रीमती विनी ब्राउन ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि “प्रकृति हमारे जीवन का आधार है। यदि हम आज एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी से देखभाल करें, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण प्रदान कर सकते हैं। पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।”

इसके पश्चात मुस्कान फाऊंडेशन की मुख्य सदस्य अलकनंदा दुर्गे ने विद्यार्थियों को मुस्कान फाऊंडेशन की सामाजिक गतिविधियों से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि संस्था महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, जरूरतमंद परिवारों की सहायता तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक हरसंभव सहयोग पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से भी समाज एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता परिक्रमावासी आचार्य रविकांत शास्त्री ने पर्यावरण संरक्षण पर अत्यंत प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया। उन्होंने विभिन्न वृक्षों एवं औषधीय पौधों के महत्व, उनके पर्यावरणीय एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभ तथा प्रकृति संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को सरल एवं रोचक उदाहरणों के माध्यम से विस्तारपूर्वक समझाया। उनके प्रेरक विचारों ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित सभी जनों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में मुस्कान फाऊंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष ललितामनी सरवैया ने सभी मुख्य अतिथियों, प्राचार्य शैली यादव, विद्यालय परिवार, समस्त स्टाफ, विद्यार्थियों तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

मुख्य रूप से इस कार्यक्रम को महेश बंदेवार के द्वारा संजोया गया था और पर्यावरण प्रेमियों को उन्होंने एक मंच पर एकत्रित कर इस सफल आयोजन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
परिक्रमावासी आचार्य रविकांत शास्त्री (मुख्य अतिथि), विनी ब्राउन (वरिष्ठ संरक्षक, मुस्कान फाऊंडेशन), ललितामनी सरवैया (संस्थापक अध्यक्ष, मुस्कान फाऊंडेशन), महेश बंदेवार (संस्थापक अध्यक्ष, आदर्श फाऊंडेशन), सी. के. राकेश (सह सचिव, मुस्कान फाऊंडेशन), अलकनंदा दुर्गे (मुख्य सदस्य, मुस्कान फाऊंडेशन), शैली यादव (प्राचार्य),और योगेंद्र चौबे राघवेंद्र मालवीय एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन सभी के पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक पौधारोपण करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here