छिंदवाड़ा। सच्चिदानंद सेवा समिति, शिर्डी साईं मंदिर, विवेकानंद कॉलोनी द्वारा शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। आयोजन में विधि-विधान से साईं बाबा का अभिषेक, आरती एवं विशेष पूजन संपन्न हुआ। रात्रि में चंद्रमा की धवल किरणों के मध्य दुग्ध प्रसाद तैयार कर श्रद्धालुओं को वितरित किया गया।

समिति के कार्यक्रम सचिव आनंद बक्षी ने बताया कि रविवार, 25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा के अवसर पर प्रातः 5:30 बजे काकड़ आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रातः 6:30 बजे पंडित अरुण भार्गव द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ साईं बाबा का अभिषेक किया गया। इसके पश्चात मध्यान्ह आरती एवं धूप आरती संपन्न हुई।

शरद पूर्णिमा की पावन रात्रि में साईं मंदिर परिसर में चंद्रमा की शीतल एवं धवल किरणों के मध्य दूध को औटाकर विशेष प्रसाद तैयार किया गया। रात्रि 12 बजे भक्तों की विशेष उपस्थिति में दुग्ध प्रसाद का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ बाबा के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर सच्चिदानंद सेवा समिति के एस.वी. पुराणिक, जयंत बक्षी, शिव माटे, धर्मेंद्र भार्गव, देवराव उपासे एवं हेमंत वर्मा सहित अन्य साईं भक्तों का सहयोग रहा।

समिति ने आयोजन में सहभागी सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए साईं बाबा से सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।