लॉ कॉलेज का नया भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा : बंटी विवेक साहू

छिंदवाड़ा। आज हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का अवसर है कि हम एक ऐसे संस्थान के नवीन भवन का उद्घाटन करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जो केवल ईंट-पत्थरों का निर्माण नहीं, बल्कि न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। सतपुड़ा लॉ कॉलेज का यह नया भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान, न्याय और सेवा का प्रेरणास्रोत बनेगा। उक्त आशय के उद्गार सांसद बंटी विवेक साहू ने सतपुड़ा लॉ कॉलेज में नवनिर्मित भवनों के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए व्यक्त किए।


इस अवसर पर कार्यक्रम को कार्यकारी अध्यक्ष गौसंवर्धन बोर्ड व महामंडलेश्वर अखिलेश्वरानंद गिरिजी महाराज, डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर के कुलगुरू वाई एस ठाकुर, राजाशंकर शाह विश्वविद्यालय छिन्दवाड़ा के कुलगुरू प्रोफेसर आई पी त्रिपाठी,सतपुड़ा एज्युकेशन सोसायटी के अध्यक्ष भजनलाल चोपड़े, प्राचार्य वेदप्रकाश तिवारी एवं चेयरमेन नवनीत व्यास ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने कार्यक्रम में उपस्थित मंचासीन अतिथिगणों, आदरणीय प्राध्यापकगणों, सम्मानित जनप्रतिनिधिगणों, प्रिय विद्यार्थियों तथा उपस्थित सभी महानुभावों को सादर नमन करते हुए कहा कि कानून केवल नियमों का संग्रह नहीं है, बल्कि समाज में समानता, न्याय और अधिकारों की रक्षा का सबसे सशक्त माध्यम है। एक सक्षम विधि महाविद्यालय ऐसे विद्यार्थियों का निर्माण करता है जो भविष्य में न्यायाधीश, अधिवक्ता, विधि विशेषज्ञ और समाज सुधारक बनकर देश की सेवा करते हैं। यह नया भवन उन्हें आधुनिक सुविधाएँ, बेहतर अध्ययन वातावरण और उत्कृष्ट शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराएगा।
सांसद बंटी विवेक साहू ने संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह उद्घाटन केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि नए सपनों, नई संभावनाओं और नए संकल्पों का शुभारंभ है। मुझे विश्वास है कि यहाँ से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी संविधान की गरिमा, न्याय की प्रतिष्ठा और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहेंगे। में इस भवन के निर्माण में योगदान देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, अभियंताओं, निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों तथा महाविद्यालय परिवार को हृदय से बधाई देता हूँ। उनके अथक प्रयासों से यह सपना साकार हुआ है।
इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप ही इस भवन की वास्तविक पहचान हैं। इस अवसर पर आप यह संकल्प लें कि यहा मिलने वाले ज्ञान का उपयोग केवल अपने व्यक्तिगत विकास के लिए नहीं, बल्कि समाज में न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों की स्थापना के लिए करेंगे। उन्होंने कहा कि आइए हम संब मिलकर यह संकल्प लें कि यह लॉ कॉलेज उत्कृष्ट विधि शिक्षा, नैतिकता और राष्ट्रसेवा का एक आदर्श केंद्र बनेगा तथा यहाँ से निकलने वाला प्रत्येक विद्यार्थी न्याय के पथ पर चलकर समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाएगा।

विधिवत संचालित होता रहा कार्यक्रम

मंच पर अतिथि परिचय के साथ अतिथिगणों का जीवन परिचय सोसायटी सचिव अजय पालीवाल जी द्वारा किया गया। मंच संचालन अतिथिगण का स्वागत एवं सम्मान महाविद्यालय शासी निकाय सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ श्रीमान सत्येन्द्र वर्मा के द्वारा किया गया। सोसायटी एवं महाविद्यालय संबंधी प्रतिवेदन का वाचन श्रीमान भजनलाल चोपड़े सोसायटी अध्यक्ष एवं विभाग संघचालक द्वारा किया गया।

उत्कृष्ठ विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

उक्त कार्यक्रम में सांसद बंटी विवेक साहू सहित अन्य अतिथियों उत्कृष्ठ विद्यार्थियों का सम्मान भी किया। जिसमें गत वर्ष एलएलबी (त्रिवर्षिय पाठ्यक्रम) में विश्वविद्यालय में तृतीय स्थान एवं कॉलेज में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभावान छात्रा आरती चौरसिया एवं गत वर्ष बीएएलएलबी ऑनर्स (पंचवर्षिय पाठ्यक्रम) में महाविद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभावान छात्रा स्वाति लांजेवार को सांसद एवं कुलगुरू द्वारा सम्मानित कर ट्राफी एवं प्रशस्ती-पत्र देकर बैच लगाकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में यह रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

उक्त कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता जगेन्द्र अल्डक, राजु नरोटे, जितेन्द्र राय, पार्षद शिवानी बंटी सक्सेना, कॉलेज के सहायक प्राध्यापकगण डॉ. अमृता सिरपुरकर, जयेन्द्र नारायण भारद्वाज, आनन्द बाजपेयी, श्रीमति प्रतिभा शक्रवार, सचिन बाजपेयी, श्रवण बंदेवार, विनोद झावरे, अखिलेश पाण्डे, सुश्री वंशिका विश्वकर्मा, वेदांश शुक्ला, सुनीता वर्मा उपस्थित रहें। उक्त कार्यक्रम को विधिवत् संपन्न कराने हेतु सतपुड़ा लॉ कॉलेज छिन्दवाड़ा के शासी निकाय अध्यक्ष नवनीत व्याज एवं कॉलेज के प्राचार्य वेद प्रकाश तिवारी ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here