
मैहर धार्मिक पदयात्रा को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ने सांसद को भेजा पत्र
छिंदवाड़ा। सांसद बंटी विवेक साहू की छिंदवाड़ा से मैहर तक 14 दिवसीय 375 किमी की धार्मिक पदयात्रा को व्यापक जनसर्मथन मिला। पदयात्रा के दौरान जहां जिलों के सांसदों, विधायकों, वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, भाजपा के तमाम दिग्गज नेतागणों और आमजनों ने सांसद बंटी विवेक साहू की अगुवानी करते हुए पदयात्रा में शामिल हुए वहीं कई जनप्रतिनिधियों ने सांसद बंटी विवेक साहू को मोबाईल और सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनाएं और बधाई दी थी। इसी के तहत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी सांसद बंटी विवेक साहू को पत्र प्रेषित करते हुए छिंदवाड़ा से मैहर तक की पदयात्रा की बधाई और शुभकामनाएं दी है।

सांसद बंटी विवेक साहू को भेजे गए पत्र में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लिखा है कि यह जानकर प्रसन्नता हुई कि आप अपने संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा से माँ शारदा सिद्धपीठ धाम मैहर तक लगभग 375 किलोमीटर की धार्मिक पदयात्रा कर रहे हैं। माँ शारदा सिद्धपीठ मैहर भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, श्रद्धा और शक्ति का एक दिव्य तीर्थ है। ज्ञान, शक्ति और साधना की अधिष्ठात्री माँ शारदा के पावन धाम तक की यह पदयात्रा केवल आस्था का ही नहीं, बल्कि आत्मसंयम, सेवा, समर्पण और लोकमंगल की भारतीय परंपरा का भी सशक्त प्रतीक है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पत्र मंे लिखा है कि ऐसे आध्यात्मिक संकल्प व्यक्ति के अंतर्मन को ऊर्जा प्रदान करने के साथ समाज में सकारात्मक चेतना और लोकहित की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। जनकल्याण, राष्ट्र की समृद्धि तथा अपने संसदीय क्षेत्र के नागरिकों के सुख, शांति और समृद्ध जीवन की मंगल कामना के साथ आपका यह संकल्प निःसंदेह सराहनीय है। उन्होंने लिखा है कि मैं माँ शारदा से प्रार्थना करता हूँ कि उनकी असीम कृपा एवं आशीर्वाद आप पर सदैव बना रहे। आपकी यह पदयात्रा सकुशल एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हो तथा आपको जनसेवा, लोककल्याण और राष्ट्रनिर्माण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की शक्ति, आत्मबल एवं प्रेरणा प्रदान करती रहे।
सांसद बंटी विवेक साहू ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को धार्मिक पदयात्रा की सफलता और शुभकामनाओं के लिए पत्र भेजने पर उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि मुझे उम्मीद है कि भविष्य में भी उनका इसी तरह का आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त होता रहेगा, जिससे उन्हें भविष्य में भी अपने लोकसभा क्षेत्र सहित प्रदेश और देश की सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए इसी तरह के धार्मिक पदयात्रा करने के लिए ऊर्जा मिलती रहेगी।







