छिंदवाड़ा – छिंदवाड़ा के तामिया स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में आज छात्र-छात्राएं सुबह से धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने स्पष्ट कहा कि वे अपना धरना तभी समाप्त करेंगे, जब उनकी मुलाकात जिला कलेक्टर से कराई जाएगी ।
विद्यार्थियों का आरोप है कि उन्हें जो भोजन परोसा जा रहा है उसमे कई बार खाने में कीड़े भी मिले हैं। इसी को लेकर छात्रों ने विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरना कर रहे छात्रों का कहना है कि उन्होंने भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायत की थी, लेकिन फिर भी उन्हें वही कीड़े वाला खाना ही मिल रहा है। उनका आरोप है कि लगातार खराब भोजन मिलने से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
छात्रों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार विद्यालय प्रबंधन से मौखिक और लिखित शिकायत की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। भोजन की गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं किया गया, जिसके कारण उन्हें धरना करने का रास्ता अपनाना पड़ा । उनका कहना है कि अब वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्या का स्थायी समाधान चाहते हैं।
बारिश के बावजूद छात्र-छात्राएं विद्यालय परिसर में धरने पर डटे रहे और बेहतर भोजन व्यवस्था की मांग करते रहे। फिलहाल विद्यालय प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।







