छिन्दवाड़ा – छिंदवाड़ा श्री रामेश्वर धाम सिहोरामाल में चल रहे 1008 कुण्डीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ के दौरान आए दिन अलौकिक दृश्य देखने को मिल रहे है। यहां पर जहां बुढ़े बुजुर्ग भी अपनी अर्जी लगाने के लिए यज्ञशाला की परिक्रमा करते हुए आहुतियां अर्पित कर रहे है वहीं हर उम्र के लोग भगवान भोलेनाथ और मां भगवती की भक्ति में लीन है। श्री रामेश्वर धाम में उमड़ रहे जनसैलाब से यहा पर एक कुम्भ सा माहौल बन गया है। मंगलवार को भी हजारों यजमानों और हजारों श्रद्धालुओं ने हजारों दिव्य मंत्रों के बीच 1008 यज्ञकुण्डों सहित एक विशेष कुण्ड में लाखों आहुतियां अर्पित की।
आनंद आश्रम राजना के संत विवेक जी महाराज ने बताया कि श्री रामेश्वर धाम में भगवान भोलेनाथ और मां भगवती की असीम कृपा और वर्षों बाद बने विशेष सहयोग से 1008 कुण्डीय सहस्त्र चण्डीय महायज्ञ चल रहा हैं। यहा बने 1008 कुण्डों में बैठै हजारों यजमानों को जहा इस दिव्य एवं भव्य महायज्ञ का विशेष लाभ मिल रहा है, वही यज्ञशाला की परिक्रमा करने वालों को भी इसी के बराबर विशेष लाभ और महायज्ञ का फल भी मिल रहा है। उन्होंने बताया कि यहा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को अपने सार्मथ्य के अनुसार यज्ञशाला की कम से कम 9 परिक्रमा पूर्ण करने के बाद यज्ञशाला के पास बने विशेष कुण्ड में आहुतियां अर्पित करनी चाहिए, ऐसा करने से आमजनों और श्रद्धालुओं को भी यजमानों जितना ही लाभ व पुण्य मिलेगा।
भगवान भोलेनाथ और मां भगवती का किया अर्चन
सहस्त्र चण्डीय महायज्ञ के प्रमुख यजमान सांसद बंटी विवेक साहू व साहू परिवार ने मंगलवार को हजारांं यजमानों और श्रद्धालुओं के साथ जहा भगवान भोलेनाथ और मां भगवती का अर्चन किया वही 1008 कुण्डांं में हजारों दिव्य मंत्रों के बीच लाखों आहुतियां अर्पित की। श्री रामेश्वरम धाम मंदिर में सुबह के समय जहां मां भगवती का 1008 सुपारियों से अर्चन किया गया वहीं दोपहर में भगवान भोलेनाथ का 1008 फलों से अर्चन हुआ। संत विवेक जी महाराज ने बताया कि वर्षों बाद बने विशेष संयोग का ही परिणाम है कि चैत्र नवरात्र के अवसर पर भगवान भोलेनाथ और मां भगवती के अर्चनों के साथ ही 1008 कुंडों में हजारों यजमानों और हजारों श्रध्दालुओं के द्वारा महायज्ञ किया जा रहा है।
कल पूर्ण आहूति के साथ ही होगा विशाल भंडारा
श्री रामेश्वरम धाम सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि श्री रामेश्वरम धाम सिहोरामाल में 19 मार्च से जारी 1008 कुंडीय महायज्ञ का समापन 26 मार्च को दोपहर में पूर्ण आहूति और विशाल भंडारे के साथ ही होगा। महायज्ञ के समापन अवसर पर पहुंचने वाले जन सैलाब और विशेष अतिथियों की मौजूदगी को देखते हुए समिति और प्रशासन के द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई है। इस अवसर पर श्रध्दालुओं और आमजनों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया है। समिति ने जिलेवासियों व धर्मप्रेमी बंधुओं से अपील की है कि भगवान भोलेनाथ एवं जगत जननी मां दुर्गा जी असीम कृपा से आयोजित हो रहे इस भव्य सहस्त्र चंडी महायज्ञ में उपस्थित होकर महायज्ञ का पुण्य लाभ अर्जित कर, अपने जीवन को सफल बनाए।
पूर्व राज्यपाल और सांसद व विधायक सहित अन्य अतिथियों ने की पूजा अर्चना
श्री रामेश्वरम धाम में जारी 1008 कुंडीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ में मंगलवार को सांसदों सहित अन्य अतिथियों ने पहुंचकर जहां मंदिर में पूजा अर्चना की वहीं यज्ञशाला की परिक्रमा लगाते हुए पुण्य लाभ अर्जित भी किया। श्री रामेश्वर धाम में पूजा अर्चन करने के लिए पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उईके, ग्वालियर सांसद भरत सिंह कुशवाहा, अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर दौलत सिंह, छिन्दवाड़ा के पूर्व जिला प्रभारी संतोष पारिख, नगरपालिका अध्यक्ष दमुआ किरण खातरकर, पांढुर्णा के जिला उपाध्यक्ष सीताराम कोरडे, यादोराव डोबले, जनपद सदस्य विजय साहू, पांढुर्णा जिला महामंत्री अनिल कुमरे, जिला मंत्री कैलाश जयसवाल, बीरबल साहू सहित साहू समाज के विभिन्न जिलों से पधारे पदाधिकारी व सामाजिक बंधु, जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी व सामाजिक बंधु, विभिन्न संगठनों और संस्थाओं के पदाधिकारी और हजारों की संख्या में श्रद्धालु व आमजन पहुंचे हुए थे।







