
छिंदवाड़ा – सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहर के रूप में प्रसिद्ध छोटी बाजार स्थित श्री बड़ी माता मंदिर, छिंदवाड़ा जिले की एक विशेष पहचान बना हुआ है। आज पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर प्रातः 8:30 बजे श्री बड़ी माता मंदिर के स्वयंभू गर्भगृह में माता रानी का विशेष पूजन-अर्चन एवं पाठ संपन्न किया गया। इस विशेष पूजन कार्यक्रम में मंदिर ट्रस्ट के प्रधान पुजारी एवं वेदाचार्य ब्राह्मण रूपेश तिवारी के सान्निध्य में मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष संतोष सोनी, द्वारा विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया गया। इस अवसर पर श्री बड़ी माताजी की भाग्यशाली भक्त उपहार योजना की सफलता एवं जनकल्याण की कामना की गई। इसी शुभ अवसर पर उपहार योजना के प्रथम कूपन का पंजीयन भी किया गया।

8 वर्षीय दर्शनी ठाकुर ने अपने जन्मदिन के शुभ अवसर पर योजना में सहभागिता करते हुए प्रथम कूपन रसीद प्राप्त की। इसके साथ ही योजना के पंजीयन की प्रक्रिया विधिवत प्रारंभ हो चुकी है। मंदिर ट्रस्ट द्वारा समस्त भक्तजनों से इस पुण्य कार्य में अपनी सहभागिता निभाने एवं “छोटी सी गिलहरी” के समान सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया है। इस राशि से लाखों के इनामों का वितरण सहित , करोड़ों के मंदिर नवनिर्माण में लगाई जाएगी। इच्छुक भक्तजन मंदिर ट्रस्ट के अधिकृत सदस्यों से संपर्क कर योजना हेतु पंजीयन करवा सकते हैं, जिससे मातारानी के आशीर्वाद स्वरूप यह योजना सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।







